रांची: मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) में नाम दर्ज कराने से छूट गए लोगों को एक और अवसर देने के लिए रांची जिला प्रशासन ने विशेष तैयारी की है। उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री के निर्देश पर 18 नवंबर को जिले के सभी मतदान केंद्रों पर विशेष ‘एक और अवसर’ कैंप लगाया जाएगा। कैंप सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे तक संचालित होगा।
उपायुक्त ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया है कि जिले का कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम जुड़वाने से वंचित नहीं रहना चाहिए। इसके लिए सभी बीएलओ, सुपरवाइजर और प्रखंड स्तरीय अधिकारियों को पूरी सक्रियता के साथ काम करने को कहा गया है।
मौके पर लिए जाएंगे आवेदन
कैंप में पहुंचने वाले सभी पात्र लोगों से नाम जोड़ने के लिए निर्धारित फॉर्म मौके पर ही प्राप्त किए जाएंगे। जिला प्रशासन का प्रयास है कि आवेदन की प्रक्रिया सरल और सुविधाजनक हो, ताकि किसी भी योग्य मतदाता को परेशानी का सामना न करना पड़े।
घर-घर तक पहुंचाई जाएगी कैंप की जानकारी
उपायुक्त ने कैंप को लेकर व्यापक प्रचार-प्रसार करने का निर्देश दिया है। इसके लिए माइकिंग, पंचायत स्तर पर प्रचार और बीएलओ के माध्यम से छूटे हुए मतदाताओं को कैंप तक पहुंचने की जानकारी दी जाएगी।
बुजुर्गों और दिव्यांगों को मिलेगी विशेष सहायता
DC ने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि कैंप में आने वाले लोगों को जरूरी दस्तावेजों की जानकारी पहले से उपलब्ध कराई जाए। साथ ही बुजुर्गों और दिव्यांग मतदाताओं को विशेष सहायता प्रदान की जाए, ताकि उन्हें आवेदन जमा करने में किसी तरह की दिक्कत न हो।
उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री ने स्पष्ट किया है कि प्रशासन का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी पात्र मतदाता मतदाता सूची से बाहर न रहे। ऐसे में जिन लोगों का नाम SIR प्रक्रिया के दौरान नहीं जुड़ पाया है, वे 18 नवंबर को अपने नजदीकी मतदान केंद्र पर आयोजित विशेष कैंप में पहुंचकर आवेदन कर सकते हैं।