धनबाद: निरसा विधायक अरुण चटर्जी को जान से मारने की धमकी देने के मामले में फरार गैंगस्टर प्रिंस खान के खिलाफ प्रशासन ने सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। शनिवार को धनबाद पुलिस और जिला प्रशासन की संयुक्त टीम ने वासेपुर स्थित प्रिंस खान के घर पर बुलडोजर चलाकर कार्रवाई की।
यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) प्रभात कुमार के निर्देश पर की गई। अभियान का नेतृत्व डीएसपी प्रकाश सोय ने किया। भारी संख्या में पुलिस बल की मौजूदगी में पूरे इलाके की घेराबंदी कर कार्रवाई को अंजाम दिया गया, ताकि किसी तरह की अप्रिय घटना न हो।
बताया जा रहा है कि हाल ही में प्रिंस खान ने निरसा विधायक अरुण चटर्जी को धमकी दी थी, जिसके बाद पुलिस और प्रशासन ने उसके खिलाफ सख्त रुख अपनाया। इसी क्रम में वासेपुर स्थित उसके घर पर बुलडोजर चलाकर अवैध निर्माण को ध्वस्त करने की कार्रवाई शुरू की गई।
प्रिंस खान लंबे समय से फरार है और उसके खिलाफ रंगदारी, धमकी सहित कई गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है। प्रशासन का कहना है कि कानून-व्यवस्था को चुनौती देने वाले अपराधियों के खिलाफ आगे भी इसी तरह की कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।