Ranchi: स्वतंत्रता दिवस को लेकर राजधानी दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। इसी बीच दिल्ली पुलिस ने देश के अलग-अलग आतंकी संगठनों से जुड़े 19 मोस्ट वांटेड आतंकियों के पोस्टर सार्वजनिक स्थानों पर लगाए हैं। इनमें झारखंड से जुड़े दो नाम भी शामिल हैं। पुलिस ने लोगों से इन आरोपियों के संबंध में किसी भी तरह की जानकारी मिलने पर तत्काल सूचना देने की अपील की है।

झारखंड के दो नामों ने बढ़ाई चिंता
पोस्टर में चतरा निवासी अबू सूफियान और जमशेदपुर के मानगो निवासी सैयद मोहम्मद अर्शियान उर्फ हैदर का नाम शामिल बताया गया है। सुरक्षा एजेंसियों के मुताबिक अर्शियान लंबे समय से भारत से बाहर है और उसके खिलाफ इंटरपोल ने रेड कॉर्नर नोटिस जारी किया है। अर्शियान पर प्रतिबंधित आतंकी संगठन इस्लामिक स्टेट के लिए तकनीकी काम करने और आत्मघाती ड्रोन तथा कम दूरी की मिसाइलों की डिजाइनिंग से जुड़े गंभीर आरोप हैं। इन्हीं आरोपों के चलते सुरक्षा एजेंसियों के बीच उसे कथित तौर पर ‘आतंकवाद का इंजीनियर’ कहा जाता है।
इंजीनियरिंग की पढ़ाई, फिर विदेश में नौकरी
जानकारी के मुताबिक अर्शियान ने अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी से इंजीनियरिंग की पढ़ाई की थी। वर्ष 2008 में वह सऊदी अरब के दम्मम चला गया, जहां उसने सॉफ्टवेयर डेवलपर के रूप में काम किया। इसी दौरान उसकी मुलाकात बेल्जियम की नागरिक अलीना हैदर से हुई, जिसके बाद दोनों ने शादी कर ली। जांच एजेंसियों के अनुसार, वर्ष 2017 से अर्शियान तुर्किए में रह रहा है। हालिया जांच में उसका लोकेशन तुर्किए में ट्रेस होने की बात सामने आई है। इसके बाद उसकी गिरफ्तारी और भारत प्रत्यर्पण को लेकर प्रयास किए जा रहे हैं। अर्शियान के भाई सैयद मोहम्मद जीशान अली हैदर को भी 10 अगस्त 2017 को सऊदी अरब से प्रत्यर्पित कर दिल्ली लाया गया था, जहां उसे गिरफ्तार किया गया।
पोस्टरों में कई आतंकी संगठनों से जुड़े नाम
दिल्ली पुलिस की ओर से लगाए गए पोस्टरों में अल-कायदा, इंडियन मुजाहिदीन और खालिस्तानी आतंकी संगठनों से जुड़े फरार आरोपियों के नाम बताए गए हैं। इनमें रियाज भटकल, इकबाल भटकल, मोहम्मद शर्जील अख्तर समेत कई नाम शामिल हैं। खालिस्तानी संगठनों से जुड़े वांटेड आरोपियों में हरविंदर सिंह संधू उर्फ रिंदा, अर्शदीप सिंह उर्फ अर्श डाला, वधावा सिंह बब्बर, गुरमीत सिंह बग्गा, रंजीत सिंह उर्फ नीता और परमजीत सिंह पम्मा के नाम भी पोस्टरों में बताए गए हैं।
बाजार से रेलवे स्टेशन तक लगाए पोस्टर
दिल्ली पुलिस ने इन पोस्टरों को प्रमुख बाजारों, बस टर्मिनलों, रेलवे स्टेशनों और मेट्रो स्टेशनों जैसे भीड़भाड़ वाले इलाकों में लगाया है। मकसद लोगों को वांटेड आरोपियों की पहचान से अवगत कराना और उनकी तलाश में आम जनता का सहयोग लेना है। पुलिस ने अपील की है कि किसी संदिग्ध गतिविधि या इन आरोपियों से जुड़ी कोई जानकारी मिलने पर तुरंत 112 पर सूचना दें। पुलिस के मुताबिक सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखी जाएगी और उपयोगी जानकारी देने पर नियमानुसार इनाम भी दिया जा सकता है।