रामगढ़: जिले के आंगनवाड़ी सेविका और सहायिकाओं के लिए राहत भरी खबर है। आंगनवाड़ी केंद्रों के बकाया मानदेय, पोषाहार, मकान भाड़ा, सीबीई और मोबाइल रिचार्ज मद की राशि के भुगतान को लेकर आदेश जारी कर दिया गया है। इसकी जानकारी भाजपा किसान मोर्चा झारखंड प्रदेश के नेता एवं झारखंड राज्य समाज कल्याण आंगनवाड़ी कर्मचारी संघ के संयोजक जय प्रकाश पांडेय ने दी।
जय प्रकाश पांडेय ने बताया कि लंबे समय से बकाया भुगतान नहीं होने के कारण आंगनवाड़ी सेविका और सहायिकाओं को आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। कई दुकानदारों ने उधार राशन देना बंद कर दिया था, जिससे केंद्रों में बच्चों को मिलने वाला पोषाहार भी प्रभावित हो रहा था। इसका असर बच्चों के स्वास्थ्य और कुपोषण की समस्या पर भी पड़ रहा था।
उन्होंने बताया कि इस संबंध में रामगढ़ जिला समाज कल्याण पदाधिकारी (डीएसडब्ल्यू) से विस्तृत वार्ता की गई। डीएसडब्ल्यू कार्यालय के मुख्य लिपिक पिंटू कुमार के अनुसार, पतरातू प्रखंड के लगभग 256 आंगनवाड़ी केंद्रों सहित जिले के सभी प्रखंडों के बकाया भुगतान के लिए राशि आवंटित कर आदेश जारी कर दिया गया है।
जय प्रकाश पांडेय ने कहा कि बहुत जल्द आंगनवाड़ी सेविका और सहायिकाओं के खातों में पोषाहार, मानदेय तथा अन्य मदों की बकाया राशि भेज दी जाएगी। जिन सेविकाओं को भुगतान से संबंधित किसी प्रकार की समस्या आती है, वे संघ से संपर्क कर सकती हैं।
उन्होंने उम्मीद जताई कि बकाया भुगतान होने से आंगनवाड़ी केंद्रों के संचालन में सुधार होगा और बच्चों को समय पर पोषण आहार उपलब्ध कराया जा सकेगा।
रामगढ़ जिले के आंगनवाड़ी केंद्रों के बकाया मानदेय और पोषाहार भुगतान का रास्ता साफ, आदेश जारी: जय प्रकाश पांडेय
Leave a Comment