ट्रेन से धक्का देकर पिता की हत्या, करोड़ों के बीमा क्लेम ने खोली बेटे की पोल

Mahak Kumari
3 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now
YouTube Channel Subscribe

रांची: झारखंड से एक ऐसा सनसनीखेज मामला सामने आया है जिसने रिश्तों पर भरोसा ही हिला दिया है। करोड़ों रुपये के बीमा क्लेम के लालच में एक बेटे पर अपने ही पिता की हत्या करने का आरोप लगा है। मामले का खुलासा तब हुआ जब एक इंश्योरेंस कंपनी को क्लेम प्रक्रिया के दौरान गड़बड़ी का शक हुआ और उन्होंने रेल पुलिस को इसकी सूचना दी। अब पूरे मामले की जांच के लिए एसआईटी गठित की गई है।

आरोपी की पहचान सत्येंद्र कुंडू के रूप में हुई है। आरोप है कि उसने अपने पिता रतन कुमार कुंडू, जो सेल (SAIL) के रिटायर्ड कर्मचारी थे, के नाम पर अलग-अलग कंपनियों से करीब 21 करोड़ रुपये का जीवन और स्वास्थ्य बीमा कराया था। पुलिस के मुताबिक बीमा पॉलिसियां फर्जी दस्तावेज और नकली आयकर रिटर्न के आधार पर ली गई थीं। इनमें केयर हेल्थ इंश्योरेंस से कराया गया तीन करोड़ रुपये का हेल्थ कवर भी शामिल है।

एफआईआर के अनुसार 30 अप्रैल 2024 को सत्येंद्र अपने पिता को ट्रेन यात्रा पर लेकर निकला था। डाल्टनगंज रेल थाना क्षेत्र में तोलरा स्टेशन के पास उसने कथित तौर पर अपने पिता को चलती ट्रेन से धक्का दे दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

घटना के बाद आरोपी ने परिवार के अन्य सदस्यों को इसकी जानकारी तक नहीं दी। इतना ही नहीं, वह शव को दुर्गापुर स्थित पैतृक घर भी नहीं ले गया और स्थानीय स्तर पर ही अकेले अंतिम संस्कार कर दिया।

पुलिस जांच में सामने आया कि पिता की मौत के बाद सत्येंद्र विभिन्न कंपनियों से बीमा क्लेम हासिल करने की कोशिश में जुट गया था। उसे एक कंपनी से लगभग 10 लाख रुपये का भुगतान भी मिल चुका था। लेकिन जब उसने केयर हेल्थ इंश्योरेंस में तीन करोड़ रुपये के क्लेम के लिए आवेदन किया, तब कंपनी को मामले में संदेह हुआ।

इसके बाद कंपनी के मैनेजर मिलाप सिंह की शिकायत पर डाल्टनगंज रेल थाना में हत्या और धोखाधड़ी की प्राथमिकी दर्ज की गई। रेल डीजी अनिल पालटा के निर्देश पर मामले की जांच के लिए एसआईटी बनाई गई है। पुलिस का कहना है कि जांच तेजी से चल रही है और जल्द ही आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *