Ranchi: राजधानी रांची के नामकुम और पिठौरिया क्षेत्र में पेट्रोल और डीजल की किल्लत से लोगों की मुश्किलें बढ़ गई हैं. पिछले तीन दिनों से इन इलाकों के कई पेट्रोल पंपों पर ईंधन का स्टॉक खत्म होने की वजह से वाहन चालकों को काफी परेशानी झेलनी पड़ रही है.
ग्रामीण इलाकों में स्थिति अधिक गंभीर बताई जा रही है. कई पंपों पर “नो स्टॉक” की स्थिति बनी हुई है, जबकि कुछ स्थानों पर सीमित मात्रा में ही पेट्रोल दिया जा रहा है. खासकर बाइक सवारों और रोजाना यात्रा करने वाले लोगों को लंबी दूरी तय कर दूसरे इलाकों के पंपों का रुख करना पड़ रहा है.
पेट्रोल पंप संचालकों के अनुसार टैंकरों की कमी के कारण समय पर ईंधन की आपूर्ति नहीं हो पा रही है. वहीं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बने तनाव और कच्चे तेल की सप्लाई प्रभावित होने का असर भी स्थानीय बाजार में दिखाई देने लगा है.
ईंधन संकट का असर अब परिवहन व्यवस्था पर भी पड़ने लगा है. मालवाहक वाहन, स्कूल बस, ऑटो और अन्य व्यावसायिक वाहनों के संचालन में दिक्कतें सामने आ रही हैं. इसके अलावा ग्रामीण क्षेत्रों में खेती-किसानी के कार्य भी प्रभावित हो रहे हैं, क्योंकि किसानों को डीजल नहीं मिल पा रहा है.
हालांकि प्रशासन और तेल कंपनियों ने दावा किया है कि जल्द ही आपूर्ति सामान्य कर दी जाएगी और पेट्रोल पंपों पर नियमित स्टॉक उपलब्ध कराया जाएगा.