हजारीबाग: जिले के लोहसिंघना थाना क्षेत्र स्थित मंडई गांव में 15 मई 2026 को हुई चोरी की घटना का पुलिस ने सफलतापूर्वक खुलासा कर लिया है। इस मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। चोरी की इस घटना के बाद लोहसिंघना थाना में कांड संख्या 55/26 दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।
पुलिस अधीक्षक हजारीबाग के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (सदर) के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने तकनीकी अनुसंधान और लगातार छापेमारी अभियान चलाकर मामले का उद्भेदन किया। जांच के दौरान चोरी में शामिल सभी आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों में मंडई कला निवासी फरीद आलम उर्फ भोपट और तालिब खान के अलावा पेलावल क्षेत्र के निशांत हुसैन उर्फ निशु तथा अब्बू ओबेदा शामिल हैं।
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर चोरी के कई सामान भी बरामद किए हैं। बरामद वस्तुओं में पीतल के परात, दिया, कटोरा, कड़ाही, डेकची, लोटा, ग्लास और बाल्टी के अलावा ड्रिल मशीन एवं कटर मशीन शामिल हैं।
इस कार्रवाई में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर, लोहसिंघना थाना प्रभारी, पेलावल ओपी प्रभारी, तकनीकी शाखा के पुलिस पदाधिकारी एवं सशस्त्र बल के जवान शामिल रहे।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई से इलाके के लोगों में सुरक्षा को लेकर भरोसा बढ़ा है। स्थानीय लोगों ने चोरी कांड के शीघ्र खुलासे पर पुलिस टीम की सराहना की है।