खूंटी: झारखंड के खूंटी में अपराधियों के हौसले बुलंद नजर आ रहे हैं। खूंटी थाना क्षेत्र स्थित संत मिखाइल स्कूल में घुसकर अज्ञात हमलावरों ने स्कूल के फादर बेनेदिक बारला उर्फ फादर बेनी पर जानलेवा हमला कर दिया। घटना के बाद स्कूल परिसर और आसपास के इलाके में हड़कंप मच गया। गंभीर रूप से घायल फादर को पहले सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रांची स्थित रिम्स रेफर कर दिया गया।
कमरे में बेहोश मिले फादर, सामान बिखरा हुआ था
घटना की जानकारी स्कूल के फादर अनिल कुमार होरो ने दी। उन्होंने बताया कि सुबह सूचना मिली कि फादर बेनेदिक बारला अपने कमरे में बेहोशी की हालत में पड़े हैं। सूचना मिलते ही वे मौके पर पहुंचे, जहां कमरे का सामान अस्त-व्यस्त और बिखरा हुआ मिला। इसके बाद फादर निकोलस और संजय सोरेंग की मदद से घायल फादर को तत्काल खूंटी सदर अस्पताल पहुंचाया गया। फादर अनिल कुमार होरो ने आशंका जताई कि वारदात देर रात या अहले सुबह की हो सकती है। उनके मुताबिक, रात के समय उस हिस्से में अन्य लोगों की मौजूदगी नहीं रहती थी। हालांकि, फादर पर किस हथियार से हमला किया गया, यह अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है। गोली या किसी धारदार हथियार से हमला किए जाने की आशंका पर मेडिकल जांच और विस्तृत रिपोर्ट के बाद ही स्थिति साफ हो सकेगी।
मौके पर पहुंचे एसपी, पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलते ही खूंटी के एसपी ऋषभ गर्ग, डीएसपी मंगल सिंह जामुदा और थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। एसपी ने बताया कि सुबह करीब 9 बजे संत मिखाइल स्कूल में रहने वाले फादर बेनेदिक बारला पर अज्ञात व्यक्ति द्वारा हमला किए जाने की सूचना मिली थी। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए घायल फादर को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रिम्स भिजवाया।
CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
एसपी ऋषभ गर्ग के अनुसार, फिलहाल फादर की हालत स्थिर बताई जा रही है। उन्हें किस हथियार से चोट पहुंचाई गई, इसका खुलासा विस्तृत इंजरी रिपोर्ट आने के बाद होगा। पुलिस घटनास्थल की जांच करने के साथ-साथ स्कूल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है, ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके।
फिलहाल हमले के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं है। पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और आरोपियों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार करने का प्रयास किया जा रहा है। इस घटना ने स्कूल परिसर की सुरक्षा को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।