रामगढ़: झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन सोमवार को अपनी दिवंगत मां रूपी सोरेन की अस्थियां लेकर रामगढ़ स्थित रजरप्पा पहुंचे। यहां दामोदर और भैरवी नदी के संगम पर पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुसार अस्थि विसर्जन का कार्यक्रम संपन्न किया जाएगा। मां के निधन के बाद पूरा परिवार शोक में है। अस्थि विसर्जन की यह रस्म परिवार के लिए भावुक पल है। मां की यादों और उनके दिए संस्कारों को संजोए हुए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन परिवार के साथ इस धार्मिक अनुष्ठान में शामिल होंगे।
कार्यक्रम को लेकर प्रशासन की ओर से सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। क्षेत्र में पुलिस बल की तैनाती की गई है, ताकि अस्थि विसर्जन की प्रक्रिया शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो सके। रजरप्पा स्थित दामोदर-भैरवी संगम धार्मिक आस्था का प्रमुख केंद्र माना जाता है। यहां मुख्यमंत्री अपनी मां को अंतिम श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए पारंपरिक विधि-विधान से अस्थि विसर्जन करेंगे।