हजारीबाग: जिले के बड़कागांव-केरेडारी क्षेत्र में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। चक्रवार जंगल में शनिवार तड़के पुलिस और प्रिंस खान गैंग के अपराधियों के बीच हुई मुठभेड़ में एक बदमाश घायल हो गया, जबकि उसके दो साथी अंधेरे और जंगल का फायदा उठाकर फरार होने में सफल रहे।

जानकारी के अनुसार, पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ अपराधी किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की योजना बना रहे हैं। सूचना मिलते ही बड़कागांव थाना प्रभारी दीपक कुमार सिंह अपनी टीम के साथ चक्रवार घाटी इलाके में पहुंचे। पुलिस को देखते ही अपराधियों ने फायरिंग शुरू कर दी, जिसके बाद पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की। मुठभेड़ के दौरान सैयद मोहम्मद निशान नामक अपराधी के पैर में गोली लगी। घायल अवस्था में उसे पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। घटनास्थल से एक पिस्टल और एक खोखा भी बरामद किया गया है। घायल अपराधी को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है।

घटना सुबह करीब तीन से चार बजे के बीच की बताई जा रही है। सूचना मिलने के बाद हजारीबाग एसपी अमन कुमार भी मौके पर पहुंचे और पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। पुलिस फरार दो अन्य अपराधियों की तलाश में जंगल और आसपास के इलाकों में सर्च ऑपरेशन चला रही है। गौरतलब है कि एक सप्ताह पहले भी केरेडारी क्षेत्र में राहुल दुबे गैंग के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पुलिस ने एक अपराधी को गोली मारकर पकड़ा था और एक अन्य बदमाश को गिरफ्तार किया था। लगातार हो रही पुलिस कार्रवाई से अपराधी गिरोहों में खलबली मची हुई है। वहीं कोल कंपनियों और स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली है।