26 सितंबर के लोक भवन मार्च को लेकर कांग्रेस की तैयारी तेज, जिलाध्यक्षों और प्रभारियों को दिए निर्देश

Mahak Kumari
3 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now
YouTube Channel Subscribe

रांची: आगामी 26 सितंबर को प्रस्तावित लोक भवन मार्च और प्रदर्शन को लेकर झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने तैयारियां तेज कर दी हैं। कार्यक्रम की सफलता और अधिक से अधिक कार्यकर्ताओं की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश के नेतृत्व में शनिवार को सभी जिलाध्यक्षों और जिला प्रभारियों के साथ जूम बैठक आयोजित की गई। बैठक में अलग-अलग जिलों में चल रही तैयारियों की समीक्षा की गई। प्रदेश नेतृत्व ने जिलाध्यक्षों और जिला प्रभारियों से कार्यकर्ताओं की भागीदारी, जनसंपर्क अभियान और संगठनात्मक तैयारियों की जानकारी ली। साथ ही कार्यक्रम को प्रभावी बनाने के लिए आवश्यक सुझाव भी लिए गए।

जिला, प्रखंड और पंचायत स्तर पर जनसंपर्क का निर्देश

प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने संगठन के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को जिला से लेकर प्रखंड एवं पंचायत स्तर तक सक्रिय जनसंपर्क अभियान चलाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि 26 सितंबर के कार्यक्रम में अधिक से अधिक कांग्रेस कार्यकर्ताओं की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए सभी स्तरों पर बेहतर समन्वय जरूरी है। बैठक में यह भी तय किया गया कि मार्च से जुड़े पार्टी के मुद्दों को मीडिया, सोशल मीडिया और जनसंपर्क के माध्यम से आम लोगों तक पहुंचाया जाएगा। जिलाध्यक्षों एवं जिला प्रभारियों को कार्यकर्ताओं के साथ लगातार संपर्क बनाए रखने और कार्यक्रम की तैयारियों को समय पर अंतिम रूप देने को कहा गया।

MMDR संशोधन बिल और चंदा चोरी के मुद्दे पर प्रदर्शन

कांग्रेस की ओर से 26 सितंबर को चंदा चोरी के मुद्दे और MMDR संशोधन बिल के विरोध में लोक भवन मार्च एवं प्रदर्शन प्रस्तावित है। बैठक में कांग्रेस नेताओं ने कहा कि MMDR संशोधन से जुड़े प्रावधानों तथा झारखंड के खनिज संसाधनों और राजस्व से संबंधित अधिकारों को लेकर पार्टी लोकतांत्रिक तरीके से अपनी बात जनता के सामने रखेगी।प्रदेश कांग्रेस ने कार्यक्रम को लेकर संगठन की एकजुटता और व्यापक जनभागीदारी पर जोर दिया। जिलों से प्राप्त तैयारियों और सुझावों की समीक्षा करते हुए प्रदेश नेतृत्व ने सभी पदाधिकारियों को अपनी-अपनी जिम्मेदारियों का प्रभावी ढंग से निर्वहन करने का निर्देश दिया।

बैठक में ये नेता रहे मौजूद

जूम बैठक में उपाध्यक्ष सह मीडिया चेयरमैन सतीश पॉल मुजनी, सोशल मीडिया चेयरमैन गजेंद्र सिंह, जिला अध्यक्ष सोमनाथ मुंडा, परविंदर सिंह, सुखेर भगत, संतोष सिंह, बरकत खान, अब्दुल्ला, सतीश केडिया, सोनाराम सिंकू, भूषण बाड़ा, दीपिका बेसरा, जेपी पटेल और राजेंद्र दास समेत अन्य नेता शामिल हुए। वहीं जिला प्रभारियों में राकेश किरण महतो, शशि भूषण राय, विनय सिंह, दीपू, शकील अख्तर, शिवकुमार भगत, संजय मुन्नन, केदार पासवान और शमशेर आलम समेत अन्य पदाधिकारी बैठक में मौजूद रहे।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *