रांची: हजारीबाग की अधिवक्ता अनुष्का चक्रवर्ती की संदिग्ध मौत का मामला अब झारखंड हाईकोर्ट पहुंच चुका है। मामले की गंभीरता को देखते हुए अदालत ने जांच की जिम्मेदारी डीएसपी रैंक के अधिकारी को सौंपने का निर्देश दिया है। इससे पहले इस मामले की जांच सब इंस्पेक्टर (SI) स्तर के अधिकारी कर रहे थे। सोमवार को जस्टिस रंगन मुखोपाध्याय की पीठ में मामले की सुनवाई हुई। इस दौरान राज्य सरकार ने अदालत को बताया कि अब तक जांच एसआई स्तर के अधिकारी के नेतृत्व में की जा रही थी। सरकार का पक्ष सुनने के बाद अदालत ने निर्देश दिया कि आगे की जांच डीएसपी स्तर के अधिकारी करेंगे।
निष्पक्ष जांच की मांग लेकर हाईकोर्ट पहुंचे भाई
अनुष्का चक्रवर्ती के भाई देवजीत चक्रवर्ती ने अपनी बहन की मौत के मामले में स्वतंत्र और निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए हाईकोर्ट में क्रिमिनल रिट याचिका दायर की है। याचिका के जरिए उन्होंने अदालत से हस्तक्षेप करने और मौत से जुड़े तथ्यों की निष्पक्ष जांच सुनिश्चित कराने का आग्रह किया है।मृतका के भाई की ओर से मामले की जल्द सुनवाई की मांग भी की गई थी। इसके बाद अदालत ने सोमवार को मामले पर सुनवाई की।
जांच की प्रगति पर अदालत की नजर
हाईकोर्ट ने केवल जांच का जिम्मा उच्च स्तर के अधिकारी को सौंपने का निर्देश ही नहीं दिया, बल्कि अगली सुनवाई में जांच की प्रगति रिपोर्ट भी पेश करने को कहा है। इससे मामले में अब तक हुई कार्रवाई और सामने आए तथ्यों की जानकारी अदालत को दी जाएगी। मामले की अगली सुनवाई 2 नवंबर को निर्धारित की गई है। अब सबकी नजर इस बात पर रहेगी कि जांच में क्या प्रगति होती है और अदालत के समक्ष क्या रिपोर्ट प्रस्तुत की जाती है।