रांची: राजधानी रांची के कांटाटोली चौक पर रविवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब चर्चित कमल भूषण हत्याकांड के सरकारी गवाह को निशाना बनाने की कोशिश की गई। जानकारी के मुताबिक बाइक सवार तीन युवक मौके पर पहुंचे और सरकारी गवाह पर पिस्टल तान दी। बताया जा रहा है कि हमलावरों ने गोली चलाने का प्रयास किया, लेकिन पिस्टल मिसफायर हो गई। इसके बाद तीनों युवक बाइक से नामकुम की ओर फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
सूचना मिलते ही लोअर बाजार थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले की छानबीन शुरू कर दी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ ही घटना के पीछे की वजह और हमलावरों की पहचान करने में जुटी है। घटना को लेकर पुलिस ने आसपास के लोगों से भी जानकारी जुटाई है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और हमलावरों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा सकती है।