रांची/तमाड़: झारखंड के मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन शनिवार को अपनी धर्मपत्नी एवं विधायक कल्पना सोरेन के साथ तमाड़ स्थित प्राचीन शक्तिपीठ सोलहभुजी माँ दिउड़ी मंदिर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुसार विधिवत पूजा-अर्चना कर राज्यवासियों की सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
मंदिर परिसर में मुख्यमंत्री दंपति ने माता रानी के दरबार में मत्था टेककर आशीर्वाद लिया। धार्मिक अनुष्ठान वैदिक मंत्रोच्चार के बीच संपन्न हुआ, जिसका संचालन पुरोहित मनोज पंडा एवं मुख्य पाहन सुखराम जी ने कराया। पूजा के दौरान मुख्यमंत्री ने राज्य की उन्नति, सामाजिक सौहार्द और जनकल्याण की प्रार्थना की।
मुख्यमंत्री के मंदिर पहुंचने की सूचना मिलते ही आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु और ग्रामीण मंदिर परिसर में एकत्रित हो गए। अपने बीच मुख्यमंत्री को देखकर लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला। कई लोगों ने उनका अभिवादन किया और उनसे मुलाकात भी की।
पूजा-अर्चना के बाद मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने कहा कि झारखंड की समृद्ध सांस्कृतिक और धार्मिक विरासत राज्य की पहचान है। माँ दिउड़ी मंदिर श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र है और यहां आने से सकारात्मक ऊर्जा का अनुभव होता है। उन्होंने कहा कि राज्य की परंपराओं और सांस्कृतिक धरोहरों का संरक्षण एवं सम्मान करना हम सभी की जिम्मेदारी है।
गौरतलब है कि तमाड़ स्थित माँ दिउड़ी मंदिर झारखंड के प्रमुख शक्तिपीठों में से एक माना जाता है, जहां पूरे वर्ष श्रद्धालुओं का तांता लगा रहता है। विशेष अवसरों पर यहां दूर-दराज से भी भक्त दर्शन और पूजा-अर्चना के लिए पहुंचते हैं।