कोडरमा: जिले के नवलशाही थाना क्षेत्र में शनिवार की देर रात जंगली हाथियों के झुंड ने लोगों की नींद उड़ा दी। जंगल से निकलकर हाथियों का दल कोडरमा-गिरिडीह मुख्य मार्ग के रास्ते नवलशाही थाना परिसर के करीब पहुंच गया। इस दौरान हाथियों ने थाना के पास लगी बैरिकेडिंग को नुकसान पहुंचाया, जिससे आसपास के इलाके में हड़कंप मच गया। अचानक हाथियों के आबादी वाले क्षेत्र में प्रवेश करने से स्थानीय लोगों में दहशत फैल गई और कई ग्रामीण घरों से बाहर निकल आए।
स्थिति को नियंत्रित करने के लिए नवलशाही थाना के एसआई रवि प्रकाश पंडित ने तुरंत कार्रवाई की। पुलिसकर्मियों ने आग की मशाल और पटाखों की मदद से हाथियों को दूर भगाने का प्रयास किया। इसी दौरान एक हाथी सड़क किनारे खड़े एक वाहन से टकरा गया, हालांकि इस घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। सूचना मिलने पर बड़ी संख्या में ग्रामीण भी मौके पर पहुंचे और पुलिस के साथ मिलकर हाथियों को जंगल की ओर खदेड़ने में जुट गए। काफी प्रयास के बाद झुंड वापस जंगल की ओर लौट गया और क्षेत्र में सामान्य स्थिति बहाल हुई।
लगातार हाथियों की बढ़ती आवाजाही से ग्रामीणों में भय का माहौल बना हुआ है। लोगों का कहना है कि वन विभाग की ओर से प्रभावी कदम नहीं उठाए जाने के कारण ऐसी घटनाएं बार-बार सामने आ रही हैं। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द कोई स्थायी समाधान नहीं निकाला गया तो भविष्य में बड़ा हादसा हो सकता है। उन्होंने वन विभाग से हाथियों की निगरानी बढ़ाने, आबादी वाले इलाकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और मानव-हाथी संघर्ष को रोकने के लिए ठोस कार्ययोजना लागू करने की मांग की है।