Deoghar: देवघर जिले में लूट की एक बड़ी वारदात उस वक्त नाकाम हो गई, जब अपराधियों के बीच ही चली गोली ने उनके ही एक साथी की जान ले ली। घटना गुरुवार देर रात मोहनपुर थाना क्षेत्र के गोड्डा मुख्य पथ स्थित जयपुर मोड़ के पास की है।
जानकारी के मुताबिक, रांची से साहिबगंज जा रही शीतल पेय कंपनी की फ्रिज लदी मालवाहक गाड़ी को निशाना बनाने के लिए चार अपराधी एमपी नंबर की फॉर्च्यूनर कार से पहुंचे थे। अपराधियों ने वाहन चालक के साथ मारपीट करते हुए लूटपाट की कोशिश शुरू कर दी।
इसी दौरान अचानक अपराधियों के बीच गोली चल गई, जिसमें एक बदमाश को गोली लग गई। गोली लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घबराए अन्य साथी उसे तुरंत फॉर्च्यूनर में डालकर देवघर सदर अस्पताल ले गए, लेकिन वहां छोड़कर फरार हो गए।
अस्पताल में इलाज के दौरान घायल अपराधी की मौत हो गई। घटना के बाद एक युवक दोबारा अस्पताल पहुंचा, जहां पहले से मौजूद पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया। बताया जा रहा है कि गिरफ्तार युवक मृतक का रिश्तेदार है।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और फरार अपराधियों की तलाश जारी है।