गोड्डा में बंगाल ज्वेलर्स लूटकांड का खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार; पिस्टल, अपाची बाइक, नकदी और गलाया हुआ सोना बरामद

Mahak Kumari
3 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now
YouTube Channel Subscribe

गोड्डा: नगर थाना क्षेत्र स्थित बंगाल ज्वेलर्स में हुई सनसनीखेज लूटकांड का गोड्डा पुलिस ने सफलतापूर्वक खुलासा कर दिया है। इस मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से लूट की वारदात में इस्तेमाल की गई टीवीएस अपाची मोटरसाइकिल, एक देशी पिस्टल, मैगजीन, चार जिंदा कारतूस, 41,500 रुपये नकद तथा लूटे गए आभूषणों को गलाकर तैयार किए गए करीब 39.93 ग्राम सोने के टुकड़े बरामद किए गए हैं। वहीं, गिरोह के अन्य फरार अपराधियों की तलाश में लगातार छापेमारी जारी है।

पुलिस के अनुसार, 8 जुलाई 2026 की शाम तीन हथियारबंद अपराधियों ने बंगाल ज्वेलर्स के संचालक बासुदेव रॉय को हथियार के बल पर आतंकित किया और फायरिंग करते हुए दुकान से सोने के आभूषण एवं नकदी लूटकर फरार हो गए थे। घटना के बाद 9 जुलाई को नगर थाना में कांड संख्या 125/2026 दर्ज कर जांच शुरू की गई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय) और अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया गया। टीम ने तकनीकी और मानवीय साक्ष्यों के आधार पर गहन जांच करते हुए अपराधियों की पहचान की और विभिन्न स्थानों पर छापेमारी कर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान देवघर जिले के सोनारायठाड़ी थाना क्षेत्र के पड़रिया निवासी अजीत यादव (24 वर्ष) तथा रिखिया थाना क्षेत्र के ठाड़ी गांव निवासी राजेश यादव (38 वर्ष) के रूप में हुई है। पूछताछ के दौरान दोनों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त अपाची बाइक, अवैध हथियार, नकदी और गलाया हुआ सोना बरामद किया गया।

पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी अजीत यादव के खिलाफ पहले से लूट और आर्म्स एक्ट के कई मामले दर्ज हैं। वर्ष 2020 में सारवां थाना, वर्ष 2023 में मोहनपुर थाना तथा वर्ष 2025 में जामताड़ा थाना में उसके खिलाफ गंभीर आपराधिक मामले दर्ज किए जा चुके हैं।

गोड्डा पुलिस ने बताया कि इस लूटकांड में शामिल अन्य अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। जल्द ही पूरे गिरोह का पर्दाफाश करने का दावा पुलिस ने किया है।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *