रांची: आजसू पार्टी की केंद्रीय कार्यसमिति की महत्वपूर्ण बैठक शनिवार को केंद्रीय अध्यक्ष सुदेश महतो की अध्यक्षता में बुकरू स्थित उनके आवास पर हुई। बैठक में संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने, आगामी कार्यक्रमों और पार्टी की राजनीतिक-सामाजिक रणनीति को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में 11 अक्टूबर को गिरिडीह विधानसभा क्षेत्र के पीरटांड़ में ‘युवा संवाद’ कार्यक्रम आयोजित करने का निर्णय लिया गया। इसके बाद राज्य की अन्य विधानसभा सीटों में भी ऐसे कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। युवा संवाद के जरिए रोजगार, शिक्षा, अवसर, नेतृत्व और झारखंड के भविष्य से जुड़े मुद्दों पर युवाओं से सीधे संवाद किया जाएगा। बैठक को संबोधित करते हुए सुदेश महतो ने कहा कि झारखंड की राजनीति का केंद्र झारखंडी जनता के सवाल होने चाहिए। उन्होंने कहा कि संगठन की जिम्मेदारी है कि वह जनता की आवाज बने और उनके अधिकार, सम्मान तथा विकास से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठाए।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से जनता के बीच लगातार संवाद बनाए रखने और राजनीतिक एवं सामाजिक मुद्दों पर संगठन को मुखर करने का आह्वान किया। बैठक में जिला समितियों के कामकाज की समीक्षा के साथ जिला एवं प्रखंड स्तर पर संगठन के पुनर्गठन पर भी चर्चा हुई। इसके अलावा पंचायत और बूथ स्तर तक संगठन को सक्रिय एवं मजबूत बनाने पर जोर दिया गया। नेताओं ने कहा कि झारखंड आंदोलन की विचारधारा, जनसरोकार और जमीनी संघर्ष आजसू पार्टी की राजनीतिक पहचान रहे हैं। ऐसे में स्थानीय समस्याओं को लेकर संगठन को और मुखर होकर सड़क पर उतरने की जरूरत है।
बैठक में सांसद चंद्र प्रकाश चौधरी, विधायक निर्मल महतो उर्फ तिवारी महतो, पूर्व मंत्री रामचंद्र सहिस, पूर्व विधायक डॉ. लंबोदर महतो, केंद्रीय उपाध्यक्ष प्रवीण प्रभाकर एवं हसन अंसारी तथा मुख्य प्रवक्ता डॉ. देवशरण भगत समेत कई प्रमुख नेता मौजूद रहे।