रांची में 3 दिन तक बारिश का अलर्ट, जलजमाव और वज्रपात का खतरा; जिला प्रशासन ने जारी की एडवाइजरी

Mahak Kumari
4 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now
YouTube Channel Subscribe

रांची: चक्रवात ‘अर्नब’ के प्रभाव से राजधानी रांची में मौसम बिगड़ने की आशंका है। मौसम विभाग ने 28 और 29 अक्टूबर 2026 के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। वहीं, 28 से 30 अक्टूबर तक लगातार बारिश होने की संभावना जताई गई है। संभावित खतरे को देखते हुए जिला प्रशासन अलर्ट मोड में है और सभी संबंधित विभागों को जरूरी तैयारियां सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है। प्रशासन के अनुसार, लगातार बारिश से रांची के निचले इलाकों और सड़कों पर जलजमाव की स्थिति उत्पन्न हो सकती है। कच्चे मकानों, झुग्गी-झोपड़ियों और कमजोर संरचनाओं को नुकसान पहुंचने की आशंका है। इसके अलावा, नदियों और बड़े नालों का जलस्तर बढ़ने से निचले क्षेत्रों में बाढ़ जैसी स्थिति बन सकती है। खेतों में पानी जमा होने से खड़ी फसलों को भी नुकसान पहुंचने की संभावना है।

सभी विभागों को लगातार निगरानी के निर्देश

जिला प्रशासन ने आपदा प्रबंधन, राजस्व, नगर निगम, पुलिस, स्वास्थ्य, विद्युत और जल संसाधन समेत सभी संबंधित विभागों को 28 से 30 अक्टूबर तक लगातार निगरानी रखने का निर्देश दिया है। निचले इलाकों, जलजमाव वाले क्षेत्रों, नदियों और बड़े नालों की नियमित मॉनिटरिंग करने को कहा गया है, ताकि किसी भी आपात स्थिति में समय रहते कार्रवाई की जा सके। नगर निकायों को सड़कों और नालियों की सफाई के साथ जल निकासी व्यवस्था दुरुस्त रखने का निर्देश दिया गया है। कमजोर मकानों और झुग्गी-झोपड़ियों वाले क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने तथा जरूरत पड़ने पर लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया है।

किसानों को फसलों की सुरक्षा के लिए सलाह

संभावित बारिश को देखते हुए कृषि क्षेत्र पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। संबंधित अधिकारियों को किसानों को जरूरी सलाह देने और खेतों में जलजमाव से खड़ी फसलों को होने वाले नुकसान को कम करने के लिए उचित कदम उठाने का निर्देश दिया गया है।

आम लोगों के लिए प्रशासन की एडवाइजरी

जिला प्रशासन ने निचले इलाकों और जलजमाव की आशंका वाले क्षेत्रों में रहने वाले लोगों से विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। लोगों को अनावश्यक रूप से घरों से बाहर निकलने से बचने और स्थानीय प्रशासन के निर्देशों का पालन करने को कहा गया है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि नदियों, नालों और जलभराव वाले क्षेत्रों के पास जाने से बचें। किसी भी आपात स्थिति में स्थानीय प्रशासन, पुलिस या आपदा नियंत्रण कक्ष से संपर्क करें।

वज्रपात और तेज हवाओं से बचने के लिए जरूरी निर्देश

बारिश और आंधी के दौरान वज्रपात की आशंका को देखते हुए लोगों को गरज-चमक शुरू होते ही किसी पक्के मकान या सुरक्षित स्थान पर शरण लेने की सलाह दी गई है। पुराने पेड़ों, बिजली के खंभों और होर्डिंग्स से दूर रहने तथा इनके नीचे वाहन पार्क नहीं करने को कहा गया है। जलजमाव वाली सड़कों पर वाहन चलाने से बचने की अपील की गई है। वहीं, आंधी-तूफान के दौरान बिजली के उपकरणों को सुरक्षित रखने और शॉर्ट सर्किट की आशंका होने पर सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। जिला प्रशासन ने कहा है कि मौसम की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। परिस्थितियों के अनुसार आवश्यक कदम उठाए जाएंगे और जरूरत पड़ने पर आगे के दिशा-निर्देश जारी किए जाएंगे।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *