Koderma: जिले के सतगावां थाना क्षेत्र के नंदूडीह गांव में शुक्रवार देर रात तेज आंधी और बारिश के बीच हुए भीषण वज्रपात ने एक परिवार की खुशियां पलभर में छीन लीं. इस हादसे में मां-बेटे समेत तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई. मृतकों की पहचान 37 वर्षीय सरस्वती देवी, उनके 15 वर्षीय दिव्यांग पुत्र अंकित कुमार और 45 वर्षीय मुन्द्रिका देवी के रूप में हुई है.
जानकारी के अनुसार, परिवार में हाल ही में शादी समारोह का माहौल था. प्रदीप यादव के भतीजे की शादी 6 मई को संपन्न हुई थी, जिसमें उनकी बुआ मुन्द्रिका देवी भी शामिल होने गांव आई थीं. शुक्रवार को उन्हें वापस अपने घर लौटना था, लेकिन उससे पहले ही यह भयावह हादसा हो गया. घटना के समय प्रदीप यादव डोमचांच थाना क्षेत्र में एक अन्य शादी समारोह में गए हुए थे.
बताया जा रहा है कि देर रात तेज बारिश और बिजली कड़कने के कारण सभी लोग घर के अंदर मौजूद थे. इसी दौरान जोरदार वज्रपात घर की लोहे की खिड़की पर हुआ. बिजली गिरते ही उसकी तेज विद्युत तरंगें पूरे कमरे में फैल गईं, जिसकी चपेट में आकर तीनों गंभीर रूप से झुलस गए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई.
घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई. ग्रामीण जब मौके पर पहुंचे तो कमरे का दृश्य देखकर स्तब्ध रह गए. सूचना मिलने पर सतगावां थाना पुलिस घटनास्थल पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी. इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है.