गिरिडीह: भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने बुधवार को गिरिडीह में भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए साइबर थाना में पदस्थापित सब-इंस्पेक्टर पुनीत कुमार गौतम को 30 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। कार्रवाई एक शिकायत के आधार पर की गई।
केस डायरी कोर्ट भेजने के बदले मांगे थे पैसे
मिली जानकारी के मुताबिक, जीवलाल मंडल ने ACB को शिकायत दी थी कि गिरिडीह साइबर थाना कांड संख्या 24/26 में केस डायरी कोर्ट भेजने के एवज में सब-इंस्पेक्टर द्वारा 30 हजार रुपये की मांग की जा रही है। शिकायतकर्ता रिश्वत देने के पक्ष में नहीं था, जिसके बाद उसने ACB से मामले की शिकायत की।
शिकायत का सत्यापन कर तैयार किया गया ट्रैप
शिकायत मिलने के बाद ACB अधिकारियों ने आरोपों का गोपनीय तरीके से सत्यापन कराया। सत्यापन में रिश्वत मांगे जाने की पुष्टि होने के बाद टीम ने कार्रवाई के लिए विशेष धावा दल तैयार किया।
पैसे लेते ही ACB ने दबोचा
पूर्व निर्धारित योजना के तहत शिकायतकर्ता ने जैसे ही सब-इंस्पेक्टर पुनीत कुमार गौतम को 30 हजार रुपये दिए, मौके पर मौजूद ACB की टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए उसे पकड़ लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी दारोगा को ACB टीम अपने साथ ले गई, जहां उससे पूछताछ की जा रही है।ACB की इस कार्रवाई के बाद गिरिडीह साइबर थाना परिसर में हड़कंप मच गया। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।