गिरिडीह में सुदेश महतो का शक्ति प्रदर्शन, युवा जनसंवाद में उमड़ी भारी भीड़; सरकार पर साधा निशाना

Mahak Kumari
4 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now
YouTube Channel Subscribe

गिरिडीह: झारखंड की राजनीति में युवाओं की भागीदारी और राज्य के विकास के मुद्दों को लेकर आजसू पार्टी ने गिरिडीह के पीरटांड़ में ‘युवा जनसंवाद’ कार्यक्रम का आयोजन किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों की मौजूदगी देखने को मिली। आजसू प्रमुख और पूर्व उपमुख्यमंत्री सुदेश महतो ने युवाओं एवं महिलाओं से संवाद करते हुए राज्य सरकार की नीतियों, चुनावी वादों और रोजगार के सवालों पर अपनी बात रखी।

सोशल मीडिया की राजनीति पर सुदेश महतो का तंज

सुदेश महतो ने कहा कि झारखंड की राजनीति सोशल मीडिया पर दिखने से नहीं, बल्कि जमीन पर जनता के बीच काम करने से मजबूत होती है। उन्होंने कहा, “हम रील वाले नहीं, रियल वाले हैं। हमने झारखंड आंदोलन को सिर्फ पढ़ा नहीं, बल्कि झारखंड को गढ़ा है।” उन्होंने कहा कि आजसू पार्टी का उद्देश्य केवल सत्ता हासिल करना नहीं, बल्कि झारखंड के लोगों के अधिकार, सम्मान, स्वाभिमान और विकास की लड़ाई लड़ना है। पार्टी राज्य की अस्मिता से जुड़े मुद्दों पर संघर्ष को और तेज करेगी।

महिलाओं के मुद्दे पर सरकार से सवाल

महिलाओं के लिए संचालित योजनाओं का मुद्दा उठाते हुए सुदेश महतो ने सरकार से जवाब मांगा। उन्होंने कहा कि एक ओर 50 वर्ष की आयु पूरी करने वाली महिलाओं के नाम योजना से हटने की शिकायतें सामने आ रही हैं, वहीं दूसरी ओर 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाली पात्र युवतियों को योजना से जोड़ने में परेशानी हो रही है। उन्होंने सरकार से इस मामले में स्थिति स्पष्ट करने और योग्य लाभार्थियों को उनका अधिकार देने की मांग की।

रोजगार और विकास को लेकर युवाओं से अपील

आजसू प्रमुख ने कहा कि चुनावी घोषणाओं और लोकलुभावन वादों से राज्य के युवाओं का भविष्य नहीं संवारा जा सकता। इसके लिए रोजगार, बेहतर शिक्षा और युवाओं को आगे बढ़ने के अवसर उपलब्ध कराने होंगे। उन्होंने युवाओं से गांव और पंचायत की समस्याओं को समझने तथा भ्रष्टाचार और माफियाराज के खिलाफ आवाज बुलंद करने की अपील की। सुदेश महतो ने पीरटांड़ और पारसनाथ क्षेत्र के विकास पर जोर देते हुए कहा कि स्थानीय लोगों की जरूरतों और उनकी भागीदारी को प्राथमिकता मिलनी चाहिए। उन्होंने कहा कि जनता के अधिकारों की रक्षा और सरकार की जवाबदेही तय करना लोकतंत्र का महत्वपूर्ण हिस्सा है।

कई प्रमुख नेता और कार्यकर्ता रहे मौजूद

कार्यक्रम में गिरिडीह के सांसद चंद्र प्रकाश चौधरी, गोमिया के पूर्व विधायक डॉ. लंबोदर महतो और आजसू पार्टी के केंद्रीय मुख्य प्रवक्ता डॉ. देवशरण भगत ने भी संबोधित किया। इस अवसर पर जिला अध्यक्ष गुड्डू यादव, जिला उपाध्यक्ष शम्भू शरण सिंह, पीरटांड़ प्रखंड अध्यक्ष मेराज आलम, प्रखंड सचिव प्रकाश पंडित, 17 पंचायतों के अध्यक्ष, यशोदा देवी, वीणा देवी, प्रियंका शर्मा सहित आजसू के कई केंद्रीय नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे। युवा जनसंवाद के जरिए आजसू पार्टी ने युवाओं और महिलाओं से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाते हुए झारखंड की राजनीति में जनभागीदारी और अधिकारों की लड़ाई को आगे बढ़ाने का संदेश दिया।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *