रांची: में पिछले 25 दिनों से जयपाल सिंह स्टेडियम में चल रहा छात्रों का आंदोलन बुधवार, 19 अगस्त को समाप्त हो गया। आंदोलन खत्म होने के बाद देर शाम हजारों छात्रों ने राजधानी में भव्य ‘आभार यात्रा’ निकाली। राज्य के अलग-अलग हिस्सों से पहुंचे छात्र इस यात्रा में शामिल हुए और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के प्रति आभार जताया। आभार यात्रा मेन रोड स्थित ऐतिहासिक अल्बर्ट एक्का चौक पहुंची तो पूरा इलाका युवाओं के उत्साह और जश्न से गूंज उठा। छात्रों ने जमकर नारेबाजी की। ढोल-नगाड़ों की थाप के बीच छात्र-छात्राएं नाचते और जश्न मनाते नजर आए। खुशी के मौके पर आतिशबाजी भी की गई।
आतिशबाजी और फूलों की बारिश से जश्न का माहौल
अल्बर्ट एक्का चौक पर पहुंचते ही छात्रों का उत्साह और बढ़ गया। जगह-जगह यात्रा में शामिल युवाओं पर फूलों की पंखुड़ियों की बारिश कर स्वागत किया गया। छात्रों ने एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर खुशी मनाई, जिससे पूरा माहौल होली जैसा नजर आया।
ढोल-नगाड़ों पर थिरके छात्र
यात्रा के दौरान पारंपरिक ढोल और नगाड़ों की आवाज से मेन रोड गूंजता रहा। बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं ढोल की थाप पर नाचते नजर आए। हाथों में बैनर और तख्तियां लेकर छात्रों ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के समर्थन में नारे लगाए और उनके प्रति धन्यवाद व्यक्त किया। छात्रों का कहना था कि सरकार की ओर से छात्रों और युवाओं के हित में लिए गए फैसलों से उन्हें अपने भविष्य को लेकर नई उम्मीद मिली है। इसी खुशी में उन्होंने आंदोलन समाप्त होने के बाद आभार यात्रा निकालकर मुख्यमंत्री के प्रति धन्यवाद जताया।
सुरक्षा के रहे पुख्ता इंतजाम
हजारों छात्रों के जुटने को देखते हुए अल्बर्ट एक्का चौक और आसपास के इलाकों में सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए थे। पुलिस बल की तैनाती के साथ यातायात व्यवस्था को भी नियंत्रित किया गया, ताकि आम लोगों को आवागमन में परेशानी न हो। 25 दिनों तक चले आंदोलन के बाद छात्रों की यह आभार यात्रा राजधानी में चर्चा का विषय बनी रही। देर शाम तक अल्बर्ट एक्का चौक युवाओं के नारों, ढोल-नगाड़ों और आतिशबाजी से गूंजता रहा।