रांची: राजधानी रांची के हटिया स्थित चांदनी चौक पर रविवार सुबह करीब 7:30 बजे तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला। एक अज्ञात कार चालक ने तेज गति से आकर स्कूटी सवार पिता और पुत्री को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि टक्कर लगते ही दोनों कई फीट हवा में उछलकर सड़क पर जा गिरे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दुर्घटना में दोनों को मल्टीपल फ्रैक्चर सहित गंभीर चोटें आई हैं। स्थानीय लोगों ने तुरंत दोनों घायलों को सड़क से उठाकर इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार जारी है। हादसे के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर फरार वाहन और चालक की पहचान करने में जुट गई है। पुलिस ने लोगों से भी घटना से जुड़ी जानकारी उपलब्ध कराने की अपील की है।