रांची: आगामी मानसून को देखते हुए भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) ने झारखंड के विभिन्न राष्ट्रीय राजमार्गों पर विशेष तैयारी शुरू कर दी है। यात्रियों को सुरक्षित, सुगम और निर्बाध यात्रा सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से राजमार्गों के रखरखाव और सुधार कार्यों में तेजी लाई गई है।
NHAI द्वारा मानसून के दौरान जलभराव और यातायात बाधित होने की संभावनाओं को कम करने के लिए ड्रेनेज सिस्टम की व्यापक सफाई कराई जा रही है। इसके अलावा बॉक्स कल्वर्ट, क्रॉस-ड्रेनेज संरचनाओं, साइड ड्रेनों और जल निकासी मार्गों की मरम्मत एवं सफाई का कार्य प्राथमिकता के आधार पर किया जा रहा है। जलभराव की आशंका वाले संवेदनशील स्थलों की पहचान कर वहां विशेष निगरानी भी सुनिश्चित की गई है।
प्राधिकरण के अधिकारी लगातार विभिन्न राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं का निरीक्षण कर रहे हैं और कार्यों की गुणवत्ता तथा प्रगति की समीक्षा कर रहे हैं। संबंधित एजेंसियों को निर्देश दिए गए हैं कि सभी आवश्यक कार्य तय समयसीमा के भीतर पूरे किए जाएं, ताकि बारिश के मौसम में यात्रियों को किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।
NHAI के क्षेत्रीय अधिकारी संतोष कुमार आर्य ने कहा कि राष्ट्रीय राजमार्ग देश के विकास और बेहतर संपर्क व्यवस्था की महत्वपूर्ण कड़ी हैं। उन्होंने कहा कि मानसून से पहले सभी जरूरी तैयारियां पूरी की जा रही हैं, जिससे यात्रियों को सुरक्षित और आरामदायक यात्रा का अनुभव मिल सके। सड़क सुरक्षा और यात्रियों की सुविधा NHAI की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
उन्होंने कहा कि विश्वस्तरीय सड़क अवसंरचना के निर्माण के साथ-साथ उसका प्रभावी रखरखाव भी उतना ही आवश्यक है। मानसून पूर्व किए जा रहे ये कार्य न केवल राजमार्गों की गुणवत्ता बनाए रखने में मददगार होंगे, बल्कि वर्षा ऋतु के दौरान यातायात को सुरक्षित और सुचारु बनाए रखने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
NHAI ने यात्रियों से अपील की है कि मानसून के दौरान सावधानीपूर्वक वाहन चलाएं, यातायात एवं सड़क सुरक्षा संबंधी संकेतों का पालन करें और सुरक्षित यात्रा को प्राथमिकता दें।