रांची: झारखंड में JPSC-JSSC परीक्षाओं में कथित गड़बड़ी और अनियमितताओं को लेकर सियासी घमासान तेज हो गया है। भारतीय जनता पार्टी (BJP) के नेता और कार्यकर्ता सोमवार को सरकार के खिलाफ सड़क पर उतर आए। विधानसभा घेराव के कार्यक्रम से पहले भाजपा कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री आवास का घेराव करने की कोशिश की। प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने बैरिकेडिंग कर प्रदर्शनकारियों को रोकने की कोशिश की। भाजपा कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच धक्का-मुक्की की स्थिति भी बनी। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने कई प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया।भाजपा नेताओं का आरोप है कि JPSC और JSSC की भर्ती परीक्षाओं में लगातार सवाल उठ रहे हैं, लेकिन सरकार छात्रों और अभ्यर्थियों की मांगों का स्थायी समाधान नहीं कर रही है। पार्टी ने कथित परीक्षा धांधली की निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग को लेकर आंदोलन तेज करने का ऐलान किया है।
बिना विपक्ष के शुरू हुई विधानसभा की कार्यवाही
वहीं, झारखंड विधानसभा के मानसून सत्र की कार्यवाही भी सोमवार को शुरू हो गई। विपक्षी विधायकों के विरोध और विधानसभा घेराव के कार्यक्रम के बीच सदन की कार्यवाही बिना विपक्ष के शुरू हुई। JPSC-JSSC विवाद को लेकर विपक्ष सरकार पर हमलावर है। भाजपा का कहना है कि भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं का मुद्दा युवाओं के भविष्य से जुड़ा है और सरकार को इस पर सदन में जवाब देना चाहिए। सड़क से लेकर सदन तक JPSC-JSSC का मुद्दा गरमाने के बाद झारखंड की सियासत में टकराव और बढ़ने के आसार हैं।