रांची: झारखंड सरकार ने राज्य पुलिस महकमे में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए कई डीएसपी रैंक के अधिकारियों के तबादले और पदस्थापन का आदेश जारी किया है। गृह, कारा एवं आपदा प्रबंधन विभाग द्वारा शनिवार को जारी अधिसूचना के अनुसार लंबे समय से पोस्टिंग की प्रतीक्षा कर रहे सात अधिकारियों को नई जिम्मेदारी सौंपी गई है, जबकि पांच डीएसपी अधिकारियों का तबादला किया गया है।
सरकार के इस फैसले को पुलिस प्रशासन को और अधिक सक्रिय एवं प्रभावी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। आदेश जारी होने के तुरंत बाद पुलिस मुख्यालय स्तर पर भी प्रक्रिया तेज कर दी गई। डीजीपी के निर्देश पर आईजी मानवाधिकार कार्यालय की ओर से संबंधित अधिकारियों का मूवमेंट ऑर्डर भी जारी कर दिया गया है, ताकि सभी अधिकारी जल्द अपने नए पदस्थापन स्थल पर योगदान दे सकें।
जारी सूची के अनुसार कई अधिकारियों को दुमका, लातेहार, गोड्डा, जमशेदपुर और रांची समेत विभिन्न जिलों एवं इकाइयों में नई जिम्मेदारी दी गई है। एसीबी रांची और आईआरबी-8 में भी कई अधिकारियों की तैनाती की गई है।
प्रशासनिक हलकों में इस फेरबदल को कानून-व्यवस्था को मजबूत करने और पुलिसिंग में बेहतर समन्वय स्थापित करने की कोशिश के तौर पर देखा जा रहा है।