आधी रात को सड़क पर उतरे बोकारो SP, पेट्रोलिंग टीम का किया औचक निरीक्षण

Mahak Kumari
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now
YouTube Channel Subscribe

Bokaro: जिले में अपराध नियंत्रण और कानून व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के उद्देश्य से बोकारो एसपी नाथू सिंह मीणा शुक्रवार देर रात खुद सड़कों पर उतरे। उन्होंने शहर के विभिन्न चौक-चौराहों और संवेदनशील इलाकों का दौरा कर रात्रि गश्ती में तैनात पुलिस पेट्रोलिंग पार्टी और ‘रक्षक राइडर’ जवानों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते हुए जवानों को कई अहम दिशा-निर्देश दिए गए।

निरीक्षण के दौरान एसपी ने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों की सतर्कता, रिस्पांस टाइम और गश्ती व्यवस्था की बारीकी से समीक्षा की। उन्होंने यह भी जांचा कि पुलिस की गश्ती टीमें शहर के हर इलाके में सक्रिय हैं या नहीं। साथ ही रक्षक राइडर जवानों की तैनाती और उनके गश्त के रूट का भी निरीक्षण किया गया।

एसपी ने पुलिस अधिकारियों और जवानों को निर्देश देते हुए कहा कि रात के समय संदिग्ध गतिविधियों और आपराधिक तत्वों पर विशेष नजर रखी जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और हर हाल में पुलिस को अलर्ट मोड में रहना होगा।

उन्होंने कहा कि आम जनता की सुरक्षा पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। रात के समय सड़कों पर सन्नाटा होने का फायदा असामाजिक तत्व न उठा सकें, इसके लिए लगातार गश्त और संदिग्ध वाहनों व व्यक्तियों की सघन जांच जरूरी है। एसपी ने जवानों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि आम लोगों के मन में पुलिस के प्रति विश्वास और अपराधियों के मन में कानून का डर बना रहना चाहिए।

एसपी ने यह भी कहा कि देर रात सड़क पर निकलने वाले लोगों को किसी प्रकार की परेशानी न हो और वे खुद को सुरक्षित महसूस करें, इसके लिए पुलिस को हर समय तत्पर रहना होगा।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *