Ranchi: Jharkhand Police मुख्यालय में 29 और 30 मई को राज्य की कानून-व्यवस्था और अपराध नियंत्रण को लेकर दो दिवसीय उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की जाएगी। इस बैठक की अध्यक्षता डीजीपी करेंगी, जिसमें राज्यभर के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी शामिल होंगे।
पुलिस मुख्यालय ने बैठक को लेकर सभी अधिकारियों को समय पर उपस्थित रहने और पूरी तैयारी के साथ आने का निर्देश दिया है। बैठक में आईजी, डीआईजी, एसएसपी, एसपी समेत विभिन्न शाखाओं के अधिकारी भाग लेंगे।
पहले दिन अपराध और नक्सल गतिविधियों पर होगी समीक्षा
29 मई को आयोजित सत्र में राज्य की विधि-व्यवस्था, संगठित अपराध, नक्सल गतिविधियों और नई न्याय संहिता 2023 के क्रियान्वयन की समीक्षा की जाएगी। आईजी अभियान, सीआईडी, विशेष शाखा और झारखंड जगुआर की ओर से अलग-अलग प्रस्तुतीकरण दिए जाएंगे।
इसके अलावा सभी जोनल आईजी और रेंज डीआईजी अपने-अपने क्षेत्रों की स्थिति और चुनौतियों पर रिपोर्ट पेश करेंगे।
दूसरे दिन ट्रैफिक, रेल सुरक्षा और श्रावणी मेले पर चर्चा
30 मई को पलामू, हजारीबाग, दुमका, बोकारो और चाईबासा के पुलिस अधिकारी ट्रैफिक व्यवस्था और स्थानीय कानून-व्यवस्था से जुड़े मुद्दों पर अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत करेंगे।
बैठक में रेल पुलिस, संचार एवं तकनीकी सेवाओं, जैप, आईआरबी और सुरक्षा बलों से जुड़े मामलों की भी समीक्षा होगी। वहीं देवघर और दुमका पुलिस आगामी राजकीय श्रावणी मेले की सुरक्षा और तैयारियों पर विशेष प्रस्तुतीकरण देगी।
लंबित मामलों और महिला अपराधों पर रहेगा फोकस
बैठक के दौरान वर्ष 2022 से मार्च 2026 तक दर्ज डकैती, लूट, चोरी, रंगदारी, अपहरण, आर्म्स एक्ट और नक्सली घटनाओं से जुड़े मामलों की जिलेवार समीक्षा की जाएगी।
इसके साथ ही लंबे समय से लंबित मामलों की स्थिति, पॉक्सो एक्ट, दहेज हत्या, बलात्कार, एससी-एसटी एक्ट और महिलाओं के खिलाफ अपराधों से जुड़े मामलों की जांच और पीड़ित मुआवजा की प्रगति पर भी विस्तार से चर्चा होगी।