लखनऊ : उत्तर प्रदेश की राजनीति से जुड़ी एक दुखद खबर सामने आई है. समाजवादी पार्टी के संस्थापक और पूर्व मुख्यमंत्री Mulayam Singh Yadav के छोटे बेटे तथा बीजेपी नेता Aparna Yadav के पति प्रतीक यादव का बुधवार सुबह निधन हो गया. इस खबर के सामने आने के बाद राजनीतिक और सामाजिक जगत में शोक की लहर दौड़ गई है.
मिली जानकारी के अनुसार, प्रतीक यादव की तबीयत बिगड़ने पर उन्हें लखनऊ के हजरतगंज स्थित सिविल अस्पताल ले जाया गया था, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. अस्पताल प्रशासन ने भी उनके निधन की पुष्टि की है.
फिलहाल उनकी मौत के कारणों को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं हो सकी है. शुरुआती जानकारी में किसी भी तरह के बाहरी चोट के निशान नहीं मिलने की बात कही जा रही है. वहीं, कुछ सूत्रों के हवाले से जहरीले पदार्थ सेवन की आशंका जताई जा रही है, लेकिन इसकी आधिकारिक पुष्टि अब तक नहीं हुई है.
पुलिस और जांच एजेंसियां पूरे मामले की जांच में जुटी हैं. अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह सामने आ सकेगी. वहीं, इस घटना के बाद यादव परिवार और उनके समर्थकों में शोक का माहौल है.