Ranchi : झारखंड पुलिस में 9362 आरक्षी पदों पर बहाली की प्रक्रिया अब तेजी पकड़ने लगी है. भर्ती प्रक्रिया को आगे बढ़ाने से पहले पुलिस मुख्यालय ने रोस्टर क्लीयरेंस में मिली खामियों को दूर करने की कवायद शुरू कर दी है. इसी सिलसिले में 14 मई को पुलिस मुख्यालय में अहम बैठक बुलाई गई है.
जानकारी के मुताबिक, पुलिस मुख्यालय ने पहले सभी जिलों और इकाइयों से आरक्षी संवर्ग की श्रेणीवार रिक्तियों का विवरण मांगा था. हालांकि जांच के दौरान कई जिलों से भेजे गए रोस्टर विवरण में तकनीकी और श्रेणीवार त्रुटियां पाई गईं. इन खामियों के कारण नियुक्ति प्रक्रिया प्रभावित हो सकती थी, इसलिए अब उन्हें जल्द सुधारने की तैयारी की जा रही है.
बैठक में झारखंड पुलिस अकादमी हजारीबाग के निदेशक, रांची, जमशेदपुर और धनबाद के एसएसपी समेत सभी जिलों के एसपी और रेलवे, जैप, आईआरबी, एसआईआरबी, मुसाबनी केंद्र तथा नेतरहाट जैसी विशेष इकाइयों के अधिकारियों को शामिल होने का निर्देश दिया गया है.
रोस्टर की त्रुटियां दूर होने के बाद भर्ती प्रस्ताव गृह, कारा एवं आपदा प्रबंधन विभाग को भेजा जाएगा. विभागीय मंजूरी मिलने के बाद इसे झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) के पास भेजा जाएगा, जहां से नियुक्ति का आधिकारिक विज्ञापन जारी होगा. संभावना जताई जा रही है कि अगले कुछ महीनों में आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी.