Chatra: जिले के गिद्धौर थाना क्षेत्र में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चतरा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। गुप्त सूचना के आधार पर की गई कार्रवाई में पुलिस ने तीन युवकों को ब्राउन शुगर के साथ गिरफ्तार किया है। जानकारी के अनुसार, पुलिस को सूचना मिली थी कि पेसरा-गिद्धौर मुख्य मार्ग से तीन युवक चौपारण की ओर ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री के उद्देश्य से जा रहे हैं। सूचना मिलते ही अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (सिमरिया) के नेतृत्व में विशेष छापेमारी टीम गठित की गई। टीम ने पीराटांड़ के समीप घेराबंदी कर तीनों संदिग्धों को दबोच लिया। तलाशी के दौरान उनके पास से ब्राउन शुगर जैसा प्रतिबंधित पदार्थ, एक आईफोन-13 मोबाइल और एक हीरो HF डीलक्स बाइक बरामद हुई। प्रारंभिक पूछताछ के बाद पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया और कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शुभम कुमार (19) और रोशन कुमार (22), दोनों निवासी ताजपुर, चौपारण (हजारीबाग) तथा सुमित कुमार (20), निवासी मोहनपुर, गया (बिहार) के रूप में हुई है। बरामद पदार्थ का कुल वजन लगभग 25.67 ग्राम बताया गया है। इसके अलावा एक iPhone 13 मोबाइल और हीरो HF डीलक्स मोटरसाइकिल (DL9SCE-1930) भी जब्त की गई है। इस संबंध में गिद्धौर थाना कांड संख्या 80/26 दर्ज करते हुए आरोपियों के खिलाफ NDPS Act की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने तीनों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। साथ ही यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि इनके तार किन-किन लोगों से जुड़े हैं और इस अवैध नेटवर्क में और कौन-कौन शामिल है। पुलिस का कहना है कि पूरे गिरोह का पर्दाफाश करने के लिए जांच लगातार जारी है।