रांची: राजधानी रांची में मानवता और संवेदना की मिसाल सामने आई है। रिम्स में रखे 43 लावारिस शवों का रविवार को जुमार नदी तट पर पूरे विधि-विधान और धार्मिक रीति-रिवाज के साथ सामूहिक अंतिम संस्कार किया गया। इन शवों का कोई अपना अंतिम विदाई देने के लिए मौजूद नहीं था, ऐसे में मुक्ति संस्था ने आगे बढ़कर उन्हें सम्मानजनक विदाई दी।मुक्ति संस्था की ओर से आयोजित इस अंतिम संस्कार में संस्था के अध्यक्ष प्रवीण लोहिया ने शवों को मुखाग्नि दी। इस दौरान संस्था के कई सदस्य मौजूद रहे और पूरी श्रद्धा के साथ अंतिम संस्कार की प्रक्रिया संपन्न कराई गई।
मुक्ति संस्था लंबे समय से रिम्स में लावारिस अवस्था में पड़े शवों के अंतिम संस्कार की जिम्मेदारी निभाती आ रही है। संस्था का उद्देश्य ऐसे लोगों को भी सम्मान के साथ अंतिम विदाई देना है, जिनके अंतिम समय में उनका कोई अपना साथ देने के लिए मौजूद नहीं होता। 43 शवों के सामूहिक अंतिम संस्कार की यह पहल समाज के प्रति संवेदनशीलता और मानवीय जिम्मेदारी का संदेश देती है।