हजारीबाग: बड़कागांव थाना क्षेत्र में कोयला परिवहन मार्ग पर हुए सड़क हादसे के बाद इलाके में तनाव की स्थिति बन गई। 13 माइल से जुगरा जाने वाली ट्रांसपोर्टिंग सड़क पर शनिवार देर रात हुए हादसे में घायल युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई। इसके विरोध में परिजनों और ग्रामीणों ने सड़क जाम कर दिया, जो रविवार सुबह तक जारी रहा।
मृतक की पहचान चेपाकला गांव निवासी नरेश कुमार महतो (पिता- यीशु महतो) के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, लोहा पुल के समीप कोयला लोड हाइवा की चपेट में आने से वह गंभीर रूप से घायल हो गए थे। उन्हें तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन उपचार के दौरान उनकी जान नहीं बच सकी।
नरेश की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। वह अपने पीछे पत्नी और दो छोटे बच्चों को छोड़ गए हैं। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि गांव के लोगों में भी गहरा आक्रोश व्याप्त है।
आक्रोशित ग्रामीणों ने देर रात से ही ट्रांसपोर्टिंग सड़क पर धरना देते हुए आवागमन ठप कर दिया। सड़क जाम के कारण कोयला लदे हाइवा और अन्य वाहनों की लंबी कतार लग गई, जिससे परिवहन व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित हो गई।
प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों ने मृतक के आश्रितों को उचित मुआवजा, परिवार के एक सदस्य को स्थायी रोजगार और दुर्घटना के लिए जिम्मेदार चालक के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है। ग्रामीणों ने स्पष्ट कहा है कि जब तक उनकी मांगों पर प्रशासन ठोस निर्णय नहीं लेता, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।