रांची: झारखंड की दो राज्यसभा सीटों के लिए गुरुवार को विधानसभा परिसर में मतदान जारी है। मतदान के दौरान विधायकों में उत्साह देखा जा रहा है। दोपहर 12:30 बजे तक 52 से ज्यादा विधायक अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर चुके थे।
राज्यसभा की इन सीटों के लिए झामुमो के बैजनाथ राम, कांग्रेस के प्रणव झा और एनडीए समर्थित निर्दलीय उम्मीदवार परिमल नाथवानी चुनावी मैदान में हैं। सभी दल अपनी-अपनी जीत के दावे कर रहे हैं, जिससे राजनीतिक सरगर्मी बढ़ गई है।
81 सदस्यीय विधानसभा में किसी उम्मीदवार की जीत के लिए 28 प्रथम वरीयता मत जरूरी हैं। विधानसभा में संख्या बल के हिसाब से इंडिया गठबंधन मजबूत स्थिति में है। गठबंधन के पास 56 विधायक हैं, जबकि एनडीए के पास 24 विधायक हैं। इसके बावजूद एनडीए समर्थित उम्मीदवार परिमल नाथवानी की जीत को लेकर पार्टी नेताओं का भरोसा कायम है।
दूसरी ओर, महागठबंधन ने दावा किया है कि उसे 61 विधायकों का समर्थन प्राप्त है और उसके दोनों उम्मीदवार आसानी से जीत दर्ज करेंगे। ऐसे में सभी की निगाहें मतदान समाप्त होने के बाद होने वाली मतगणना पर टिकी हैं।
मतदान शाम 4 बजे तक चलेगा। इसके बाद शाम 5 बजे से वोटों की गिनती शुरू होगी। देर शाम तक चुनाव परिणाम घोषित होने की संभावना है। यह चुनाव राज्यसभा की उन दो सीटों के लिए हो रहा है जो शिबू सोरेन के निधन और दीपक प्रकाश का कार्यकाल समाप्त होने के बाद रिक्त हुई थीं।