जमशेदपुर: हावड़ा से टाटानगर आ रही हावड़ा-टाटा स्टील एक्सप्रेस की C3 बोगी में अचानक आग लगने की घटना से यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। घटना के बाद ट्रेन में इमरजेंसी ब्रेक लगाकर संबंधित बोगी से यात्रियों को सुरक्षित नीचे उतारा गया। रेलवे की त्वरित कार्रवाई से बड़ा हादसा टल गया।
बताया जा रहा है कि घटना के समय ट्रेन तेज गति से चल रही थी। शुरुआती जांच में बोगी के इलेक्ट्रिक पैनल में चूहे के घुसने और उसके जलने के कारण आग लगने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, आग पर समय रहते काबू पा लिया गया, जिससे आग फैलने से रोक लिया गया।
घटना में किसी यात्री के हताहत होने या गंभीर रूप से घायल होने की सूचना नहीं है। हादसे के बाद रेलवे कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर सुरक्षा संबंधी आवश्यक जांच और कार्रवाई की।
आवश्यक प्रक्रिया पूरी होने के बाद ट्रेन का परिचालन दोबारा शुरू कर दिया गया। फिलहाल रेलवे अधिकारी आग लगने के वास्तविक कारणों की जांच कर रहे हैं। चलती ट्रेन की बोगी में आग लगने की इस घटना ने रेलवे के विद्युत उपकरणों की सुरक्षा और रखरखाव को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।