गोड्डा: महागामा थाना क्षेत्र में सामूहिक दुष्कर्म के सनसनीखेज मामले में गोड्डा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी समेत पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल एक टोटो और चार मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं।
मोबाइल खोजने के बहाने वारदात
पुलिस के अनुसार, भागलपुर जिले के सनोखर थाना क्षेत्र की एक महिला ने 8 जुलाई को महागामा थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई। शिकायत में बताया गया कि 5 जुलाई की रात लौगांय गांव निवासी मो. अकरम ने अपने 5-6 साथियों के साथ मिलकर ओझा-गुनी के जरिए खोया हुआ मोबाइल खोजने का झांसा दिया। इसके बाद सभी ने महिला के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया।
SIT गठित कर की गई कार्रवाई
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर महागामा एसडीपीओ के नेतृत्व में विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया गया। तकनीकी और मानवीय साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने मुख्य आरोपी मो. अकरम को गिरफ्तार किया। उसकी निशानदेही पर चार अन्य आरोपियों को भी दबोच लिया गया।
गिरफ्तार आरोपी
पुलिस ने मो. अकरम (19), नूर नबी (35), मो. युसुफ (22), मो. आसिफ (21) और खुर्शीद आलम (23) को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपी महागामा थाना क्षेत्र के लौगांय गांव के रहने वाले हैं।
आगे की कार्रवाई जारी
पुलिस ने सभी गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। वहीं, मामले में फरार अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।