रांची: Ranchi के धुर्वा थाना क्षेत्र स्थित धुर्वा विद्युत सब स्टेशन में गुरुवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब परिसर में एक संदिग्ध लिफाफा मिला। लिफाफे पर प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन People’s Liberation Front of India (PLFI) का नाम लिखा था और उसके साथ कारतूस बंधा हुआ था।
लावारिस हालत में पड़े इस लिफाफे को सबसे पहले सब स्टेशन के कर्मचारियों ने देखा। पास जाकर जांच करने पर उस पर “जरूरी सूचना” और “लाल सलाम” लिखा मिला, जिससे कर्मचारियों में दहशत फैल गई। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए तुरंत स्थानीय पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही धुर्वा थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और इलाके को सुरक्षित करते हुए लिफाफा और कारतूस जब्त कर लिया। प्रारंभिक जांच में लिफाफे के अंदर भी उग्रवादी संगठन से जुड़ा जिक्र मिलने की बात सामने आई है।
फिलहाल पुलिस इस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है। यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि लिफाफा वहां किसने और कब रखा। साथ ही यह भी देखा जा रहा है कि इसके पीछे किसी उग्रवादी संगठन की भूमिका है या फिर किसी शरारती तत्व ने डर फैलाने के उद्देश्य से यह हरकत की है। लेवी या धमकी से जुड़े एंगल पर भी जांच जारी है।