Hazaribagh: हजारीबाग जिले के चरही थाना क्षेत्र स्थित राजकीय उत्क्रमित मध्य विद्यालय बहेरा से एक गंभीर मामला सामने आया है, जहां छात्राओं के साथ छेड़खानी और अनुचित व्यवहार के आरोप में हेडमास्टर महेन्द्र प्रसाद राणा को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। उपायुक्त कार्यालय (गोपनीय शाखा) के आदेश पर देर रात उनके खिलाफ चरही थाना में प्राथमिकी भी दर्ज की गई।
निलंबन अवधि के दौरान हेडमास्टर का मुख्यालय जिला शिक्षा अधीक्षक कार्यालय तय किया गया है। वहीं, स्कूल के संचालन के लिए उत्क्रमित मध्य विद्यालय पिपरा उर्दू (चुरचू) में पदस्थापित पुष्पलता कुमारी को प्रभारी प्रधानाध्यापक बनाया गया है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए उपायुक्त ने तीन सदस्यीय जांच टीम का गठन किया है। इस टीम में उप निर्वाचन पदाधिकारी मां देवप्रिया को अध्यक्ष, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी शिप्रा सिन्हा और कार्यपालक दंडाधिकारी सना उस्मानी को सदस्य बनाया गया है। टीम को 24 घंटे के भीतर संयुक्त जांच रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया गया है।
बताया जा रहा है कि स्कूल की दो दर्जन से अधिक छात्राओं ने हेडमास्टर पर छेड़खानी और दुराचार के आरोप लगाए थे। यह मामला बाल कल्याण समिति के संज्ञान में आने के बाद उजागर हुआ, जिसके बाद प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई की।
घटना के बाद अभिभावकों और स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश देखा जा रहा है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि स्कूलों में बच्चों की सुरक्षा से किसी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल जांच जारी है और रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई तय होगी।