Ranchi: Jharkhand में लगातार बढ़ रही मोबाइल चोरी और गुमशुदगी की घटनाओं पर रोक लगाने के लिए अब पुलिस तकनीक की मदद लेने जा रही है. इसी दिशा में पुलिस महानिदेशालय (प्रशिक्षण) की ओर से राज्य के सभी जिलों के SSP और SP को विशेष निर्देश जारी किए गए हैं.
निर्देश के तहत सात मई को राज्यस्तरीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है, जिसमें पुलिस अधिकारियों और अनुसंधानकर्ताओं को केन्द्रीय उपकरण पहचान रजिस्टर (CEIR) पोर्टल के प्रभावी उपयोग की जानकारी दी जाएगी. यह प्रशिक्षण दूरसंचार विभाग बिहार LSA के सहयोग से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित होगा.
इस ट्रेनिंग का उद्देश्य चोरी और गुम हुए मोबाइल फोन की बरामदगी की प्रक्रिया को तेज और प्रभावी बनाना है. पुलिस अधिकारियों को बताया जाएगा कि CEIR पोर्टल के जरिए मोबाइल फोन को कैसे ट्रैक और ब्लॉक किया जा सकता है.
दरअसल, मोबाइल चोरी होने के बाद अपराधी अक्सर उसका IMEI नंबर बदलने या नया सिम इस्तेमाल करने की कोशिश करते हैं. CEIR पोर्टल ऐसी स्थिति में काफी मददगार साबित होता है. इस सिस्टम के जरिए चोरी या गुम हुए मोबाइल को ब्लॉक किया जा सकता है, जिससे वह किसी भी नेटवर्क पर काम नहीं करता. वहीं, यदि डिवाइस में नया सिम डाला जाता है तो उसकी जानकारी पुलिस तक पहुंच जाती है, जिससे मोबाइल और अपराधियों तक पहुंचने में आसानी होती है.