रांची: स्थित पहाड़ी मंदिर परिसर में मंगलवार को संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज की जन्मस्थली काशी से लाई गई पवित्र मिट्टी के पूजन का आयोजन किया गया। भाजपा प्रदेश महामंत्री अमर कुमार बाउरी ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर इस पावन मिट्टी को राज्य के सभी जिलों के लिए रवाना किया।
जानकारी के अनुसार, यह पवित्र मिट्टी झारखंड के विभिन्न जिलों में आयोजित धार्मिक कार्यक्रमों तक पहुंचाई जाएगी। इसका उद्देश्य संत गुरु रविदास महाराज के सामाजिक समरसता, समानता और मानव सेवा के संदेश को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाना है।
इस मौके पर भाजपा के कई पदाधिकारी, कार्यकर्ता और श्रद्धालु उपस्थित रहे। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने संत गुरु रविदास महाराज के बताए मार्ग पर चलने और समाज में भाईचारा व एकता को मजबूत करने का संकल्प लिया। आयोजन के दौरान श्रद्धा और भक्ति का वातावरण बना रहा।