बोकारो: दहेज प्रताड़ना और आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में फरार चल रहे झारखंड पुलिस के सब-इंस्पेक्टर संतोष यादव को बोकारो पुलिस ने रांची के ओरमांझी क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। यह मामला बोकारो जिले के गोमिया थाना क्षेत्र का है, जहां उनकी पत्नी पिंकी कुमारी की संदिग्ध मौत के बाद यह कार्रवाई की गई।
बताया जाता है कि 26 जून को पिंकी कुमारी का शव उनके आवास में फंदे से लटका मिला था। शुरुआती तौर पर इसे आत्महत्या का मामला माना गया, लेकिन मृतका के परिजनों ने पति संतोष यादव और उनके परिवार पर दहेज की मांग को लेकर लगातार प्रताड़ित करने और मानसिक रूप से परेशान करने का आरोप लगाया।
घटना के अगले दिन, 27 जून को परिजनों और स्थानीय लोगों ने गोमिया चौक पर सड़क जाम कर आरोपी की गिरफ्तारी की मांग की थी। प्रदर्शन के दौरान पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी हुई। बाद में अधिकारियों के आश्वासन पर आंदोलन समाप्त किया गया।
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए बोकारो एसपी के निर्देश पर एक विशेष जांच टीम (एसआईटी) का गठन किया गया। गोमिया थाना में प्राथमिकी दर्ज होने के बाद से संतोष यादव फरार था और लगातार अपना ठिकाना बदल रहा था। पुलिस ने तकनीकी निगरानी और खुफिया सूचना के आधार पर ओरमांझी में छापेमारी कर उसे गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मामले की जांच अभी जारी है। जांच में सामने आने वाले साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।