रामगढ़: जिले में अपराध पर लगाम लगाने, यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने और लोगों में सुरक्षा की भावना को मजबूत करने के उद्देश्य से रामगढ़ पुलिस का विशेष ‘प्रहरी’ अभियान लगातार चलाया जा रहा है। अभियान की निगरानी अब खुद पुलिस अधीक्षक मुकेश लुनायत कर रहे हैं। शुक्रवार को उन्होंने रजरप्पा थाना क्षेत्र के चट्टी बाजार से रजरप्पा मोड़ तक पैदल मार्च कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान एसपी ने सड़क किनारे अवैध पार्किंग हटाने, यातायात को सुचारु बनाए रखने और संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस की सक्रिय मौजूदगी सुनिश्चित करने के निर्देश अधिकारियों को दिए। उन्होंने स्थानीय लोगों से भी बातचीत कर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर उनकी राय और सुझाव लिए।
रामगढ़ पुलिस ने 14 मई से शुरू किए गए ‘प्रहरी’ अभियान के तहत जिले के 259 संवेदनशील स्थानों को चिन्हित किया है। इनमें 76 जगहों पर नियमित पैदल गश्त, 114 स्थानों पर अड्डेबाजी के खिलाफ विशेष अभियान और 69 स्थानों पर एंटी क्राइम चेकिंग की जा रही है। पिछले दो महीनों से पुलिस अलग-अलग समय और स्थान पर लगातार कार्रवाई कर रही है, जिससे असामाजिक तत्वों की गतिविधियों पर काफी हद तक अंकुश लगा है।
अभियान को और मजबूत बनाने के लिए एसपी ने सभी थाना और ओपी प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में नए संवेदनशील स्थलों की पहचान करने का निर्देश दिया है। इन स्थानों के आधार पर आगे की गश्त, चेकिंग और अपराध नियंत्रण की रणनीति तैयार की जाएगी।
रामगढ़ पुलिस ने आम लोगों से भी अभियान में सक्रिय भागीदारी की अपील की है। पुलिस ने कहा है कि यदि कहीं अड्डेबाजी, छेड़खानी या किसी अन्य आपराधिक गतिविधि की सूचना मिले तो नागरिक जिला पुलिस के आधिकारिक व्हाट्सएप्प नंबर 9262998529 पर जानकारी या सुझाव साझा कर सकते हैं। पुलिस का कहना है कि जनता के सहयोग से जिले को और अधिक सुरक्षित बनाया जा सकता है।