Ranchi: धुर्वा स्थित पुरानी विधानसभा के पास मंगलवार को ABVP के विधानसभा घेराव कार्यक्रम के दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच तनाव बढ़ गया। पूर्व में हुए लाठीचार्ज के विरोध में राज्य के अलग-अलग हिस्सों से बड़ी संख्या में ABVP कार्यकर्ता रांची पहुंचे थे। विधानसभा की ओर कूच कर रहे कार्यकर्ताओं को रोकने के लिए पुलिस ने पुरानी विधानसभा के समीप कई स्तरों पर बैरिकेडिंग की। प्रदर्शनकारी आगे बढ़ने की कोशिश कर रहे थे, जबकि पुलिस उन्हें रोकने में जुटी रही। इसी दौरान दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस के बाद झड़प की स्थिति पैदा हो गई।
बैरिकेडिंग पर अड़े कार्यकर्ता, सड़क पर बैठकर नारेबाजी
पुलिस द्वारा आगे जाने से रोके जाने के बाद ABVP कार्यकर्ता मौके पर ही बैठ गए। कार्यकर्ताओं ने सरकार और प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि छात्रों की मांगों को दबाने के बजाय सरकार को उनकी समस्याओं पर बातचीत करनी चाहिए।
भारी पुलिस बल तैनात, अधिकारी कर रहे निगरानी
मौके की संवेदनशीलता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भी घटनास्थल पर मौजूद रहकर हालात पर नजर बनाए हुए हैं। पुलिस लगातार प्रदर्शनकारियों को समझाने और उन्हें बैरिकेडिंग से आगे नहीं बढ़ने देने का प्रयास कर रही है। फिलहाल पुरानी विधानसभा के आसपास तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पुलिस पूरी तरह अलर्ट है और स्थिति को नियंत्रित करने की कोशिश जारी है।