रांची: भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन के झारखंड दौरे के दौरान शनिवार को एनडीए सहयोगी दल आजसू पार्टी ने भी अपनी सक्रिय उपस्थिति दर्ज कराई। आजसू सुप्रीमो और पूर्व उपमुख्यमंत्री सुदेश महतो ने भाजपा प्रदेश कार्यालय पहुंचकर नितिन नबीन से मुलाकात की और उनका स्वागत किया।
बैठक के दौरान दोनों नेताओं ने राज्यसभा चुनाव की रणनीति, झारखंड की राजनीतिक परिस्थितियों और एनडीए गठबंधन को और मजबूत बनाने जैसे मुद्दों पर विचार-विमर्श किया। सुदेश महतो ने नितिन नबीन को भाजपा की हालिया राजनीतिक सफलताओं के लिए शुभकामनाएं भी दीं।
इस मौके पर गिरिडीह सांसद चंद्रप्रकाश चौधरी और मांडू विधायक निर्मल महतो भी मौजूद रहे। वहीं पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने भी बैठक में हिस्सा लिया।
मुलाकात के बाद आयोजित एनडीए की अहम बैठक में आजसू नेताओं ने सक्रिय भागीदारी निभाई। बैठक में राज्यसभा चुनाव की तैयारियों, गठबंधन की एकजुटता, जनहित के मुद्दों और आगामी राजनीतिक कार्यक्रमों को लेकर विस्तृत चर्चा हुई। राजनीतिक जानकार इस बैठक को झारखंड में एनडीए की भावी रणनीति और संगठनात्मक मजबूती के लिहाज से महत्वपूर्ण मान रहे हैं।