उत्पाद सिपाही पेपर लीक केस: 164 आरोपियों की जमानत पर आज सुनवाई, मास्टरमाइंड भी शामिल

Mahak Kumari
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now
YouTube Channel Subscribe

Ranchi: रांची में उत्पाद सिपाही भर्ती परीक्षा पेपर लीक और सौदेबाजी से जुड़े मामले में गिरफ्तार 164 आरोपियों की जमानत याचिका पर बुधवार को सुनवाई होनी है। यह सुनवाई अपर न्यायायुक्त योगेश कुमार की अदालत में होगी। जमानत की मांग करने वालों में कथित मास्टरमाइंड अतुल वत्स समेत गिरोह के पांच मुख्य आरोपी भी शामिल हैं।

मामला 13 अप्रैल को प्रस्तावित भर्ती परीक्षा से एक दिन पहले का है। 12 अप्रैल की रात तमाड़ थाना क्षेत्र के रड़गांव स्थित एक निर्माणाधीन नर्सिंग कॉलेज में अभ्यर्थियों को कथित तौर पर प्रश्नों के उत्तर रटवाए जा रहे थे। सूचना मिलने पर पुलिस ने छापेमारी कर 166 लोगों को गिरफ्तार किया था, जिनमें 7 महिला अभ्यर्थी भी शामिल थीं। इनमें से 164 आरोपी वर्तमान मामले में प्रमुख रूप से शामिल हैं।

जमानत को लेकर अब तक 78 याचिकाएं दायर की जा चुकी हैं। हालांकि, केस डायरी पेश न होने के कारण सुनवाई तीन बार टल चुकी है। अदालत ने पहले ही केस डायरी प्रस्तुत करने का निर्देश दिया था, लेकिन जांच जारी रहने का हवाला देते हुए अभियोजन पक्ष समय मांगता रहा। अब अदालत ने इसे अंतिम मौका देते हुए अगली सुनवाई में हर हाल में केस डायरी पेश करने को कहा है।

जांच में यह भी सामने आया है कि अभ्यर्थियों से पहले 3 लाख रुपये और नौकरी मिलने के बाद 10 लाख रुपये तक वसूलने की योजना बनाई गई थी। रड़गांव में बड़ी संख्या में बाहरी लोगों की मौजूदगी से ग्रामीणों को शक हुआ, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई और इस पूरे रैकेट का भंडाफोड़ हुआ।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *