हजारीबाग: जिले में अवैध शराब के कारोबार पर शिकंजा कसने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत उत्पाद विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 475 लीटर से अधिक विदेशी शराब बरामद की है। इस दौरान तस्करी में इस्तेमाल किए जा रहे एक वाहन को भी जब्त किया गया, जबकि चालक मौके से फरार होने में सफल रहा।
मिली जानकारी के अनुसार, उपायुक्त हेमंत सती के निर्देश पर सहायक आयुक्त उत्पाद के नेतृत्व में उत्पाद विभाग की टीम मंगलवार की तड़के कोर्रा थाना क्षेत्र के सिंदूर चौक के पास वाहन जांच अभियान चला रही थी। इसी दौरान सफेद रंग की एक मारुति सुजुकी एर्टिगा को जांच के लिए रुकने का संकेत दिया गया, लेकिन चालक वाहन लेकर भाग निकला।
उत्पाद विभाग की टीम ने तत्परता दिखाते हुए वाहन का पीछा किया। पीछा किए जाने पर चालक कटकमदाग थाना क्षेत्र स्थित सालगांव हाई स्कूल के समीप वाहन छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाते हुए फरार हो गया।
जब्त वाहन की तलाशी लेने पर उसमें भारी मात्रा में अवैध विदेशी शराब मिली। जांच के दौरान 55 कार्टन में पैक George William ब्रांड की 180 एमएल क्षमता वाली कुल 475.2 लीटर विदेशी शराब तथा Royal Green ब्रांड की 375 एमएल क्षमता की छह बोतलें बरामद की गईं।
उत्पाद विभाग ने बरामद शराब और वाहन को कब्जे में लेकर जब्त कर लिया है। मामले में संलिप्त तस्करों की पहचान की जा रही है और उनके खिलाफ उत्पाद अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
इस अभियान में अवर निरीक्षक उत्पाद भुवनेश्वर नायक, उत्पाद आरक्षी अनूप कुमार सिंह तथा सशस्त्र गृह रक्षा वाहिनी के जवान शामिल रहे। विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब के निर्माण, भंडारण और तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा तथा दोषियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।