बोकारो: जिले के राधानगर पंचायत अंतर्गत लावाटांड़ क्षेत्र में गुरुवार सुबह रेलवे ट्रैक के किनारे तीन युवकों के शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई, जबकि जीआरपी बोकारो की टीम ने पहुंचकर मामले की जांच शुरू कर दी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटना स्थल बोकारो रेलवे स्टेशन से लगभग नौ किलोमीटर दूर स्थित है। पुलिस ने तीनों शवों को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मृतकों की पहचान की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
घटनास्थल से मिले दस्तावेजों के आधार पर एक मृतक की पहचान गोमिया प्रखंड के मडवाडीह टीकाहारा स्थित बरकी पुनु गांव निवासी बबलू सोरेन के रूप में हुई है। वह सूरजलाल सोरेन का पुत्र बताया जा रहा है। वहीं दूसरे युवक की पहचान दीपक सोरेन के रूप में की गई है। तीसरे युवक की पहचान अब तक नहीं हो पाई है।
पुलिस को घटनास्थल के समीप एक मोटरसाइकिल भी मिली है, जिसे जांच के लिए जब्त कर लिया गया है। शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि तीनों युवक किसी ट्रेन की चपेट में आ गए होंगे, हालांकि उनकी मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और विस्तृत जांच के बाद ही हो सकेगा।
फिलहाल जीआरपी पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। साथ ही तीसरे मृतक की पहचान और घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने के प्रयास जारी हैं।