क्रेडिट कार्ड अपडेट के नाम पर ठगी, तेतुलबंधा से 3 साइबर अपराधी गिरफ्तार

Mahak Kumari
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now
YouTube Channel Subscribe

जामताड़ा: पुलिस ने साइबर अपराध के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए करमाटांड़ थाना क्षेत्र के तेतुलबंधा गांव में छापेमारी कर तीन साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। मंगलवार को पुलिस अधीक्षक शम्भु कुमार सिंह ने प्रेस वार्ता में बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर साइबर थाना प्रभारी राजेश मंडल के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने यह कार्रवाई की।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान महेंद्र कुमार मंडल (28 वर्ष), टिंकु कुमार मंडल (26 वर्ष) और विकास कुमार मंडल (24 वर्ष) के रूप में हुई है। इनके कब्जे से सात मोबाइल फोन और नौ सिम कार्ड बरामद किए गए हैं, जिनका इस्तेमाल साइबर ठगी में किया जा रहा था।

पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी बैंक ऑफ बड़ौदा के क्रेडिट कार्ड बंद होने और नया कार्ड जारी कराने का झांसा देकर लोगों से संपर्क करते थे। इसके अलावा गूगल पर फर्जी कस्टमर केयर नंबर अपलोड कर तथा लोगों को APK फाइल डाउनलोड कराने के लिए प्रेरित कर उनकी गोपनीय बैंकिंग जानकारी हासिल करते थे। इसके बाद खातों से अवैध तरीके से रकम की निकासी कर साइबर ठगी को अंजाम दिया जाता था।

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि जिले में साइबर अपराधियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। वर्ष 2026 में अब तक 75 साइबर अपराधियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि किसी भी अनजान व्यक्ति के कहने पर मोबाइल में कोई ऐप डाउनलोड न करें और अपनी बैंकिंग संबंधी जानकारी किसी के साथ साझा न करें।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *