रांची: विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के तहत मतदाता सूची में नाम जोड़ने, नाम में सुधार कराने अथवा अन्य दावे-आपत्ति दर्ज कराने के लिए समय सीमा बढ़ा दी गई है। अब पात्र भारतीय नागरिक 30 सितंबर तक मतदाता सूची से संबंधित दावा-आपत्ति दाखिल कर सकेंगे।
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी श्री के. रवि कुमार ने बताया कि राज्य के प्रत्येक पात्र भारतीय नागरिक का नाम मतदाता सूची में शामिल करने के उद्देश्य से दावा-आपत्ति की अवधि को दूसरी एवं अंतिम बार बढ़ाया गया है। उन्होंने कहा कि इस अवधि का उपयोग पात्र नागरिक मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराने या आवश्यक सुधार कराने के लिए करें।
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने सभी मतदाताओं के साथ-साथ मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों, बूथ लेवल एजेंट (BLA), बूथ लेवल ऑफिसर (BLO) तथा निर्वाचन कार्य से जुड़े पदाधिकारियों एवं कर्मियों से अपील की कि वे पात्र भारतीय नागरिकों को मतदाता सूची से जोड़ने में आवश्यक सहयोग करें।
उन्होंने कहा कि यह सुनिश्चित करना सभी संबंधित पक्षों की जिम्मेदारी है कि कोई भी पात्र भारतीय नागरिक मतदाता सूची में शामिल होने से वंचित न रहे। इसके लिए बीएलए और बीएलओ स्तर पर लोगों को आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराने तथा दावे-आपत्तियों की प्रक्रिया में सहयोग करने पर जोर दिया गया है।
मतदाता सूची में नाम जोड़ने या उसमें सुधार कराने के इच्छुक पात्र नागरिक 30 सितंबर तक निर्धारित प्रक्रिया के तहत अपना दावा-आपत्ति दर्ज करा सकते हैं।